लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देव दीपावली के अवसर पर सिधौना बाजार स्थित मां सिद्धेश्वरी धाम में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों दीपों की जगमगाहट और रंग-बिरंगी रोशनी से मंदिर परिसर भव्य रूप से आलोकित हो उठा। वहीं मेहनाजपुर थाना परिसर स्थित मंदिर में विशेष सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।
सिधौना स्थित मां सिद्धेश्वरी धाम में देव दीपावली के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की। दीपों की आकर्षक कतारों और चमकीली झालरों से सजे मंदिर की सुंदरता श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस भव्य आयोजन में युवा नेता एवं समाजसेवी हैप्पी सिंह की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।
इसी क्रम में मेहनाजपुर थाना परिसर स्थित मंदिर में थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कवि उदयराज एवं उनकी टीम ने संगीतमय सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत किया।
इस मौके पर विक्रम सिंह बाघे, अशोक यादव, शानू सिंह, अनुज सिंह प्रधान अछिया, आनंद सिंह समाजसेवी, गगन सिंह, प्रमोद सिंह डब्लू, विशाल विश्वकर्मा, लालजी कुशवाहा, हरिकेश वर्मा, मनोज यादव, बाबूलाल दीवान एवं रमेश कुमार दीवान आदि उपस्थित रहे।
सुंदरकांड पाठ के अवसर पर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह सहित थाने के समस्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे। वहीं एमएलसी प्रतिनिधि अनुराग तिवारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, बृजेश सिंह, ग्राम प्रधान मऊपरासि चंद्रकांत सिंह, करिया सिंह, सुजीत सिंह सिंटू (महुआपार), चंद्रेश सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
दोनों धार्मिक आयोजनों में लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आस्था, सामाजिक एकजुटता, आपसी सौहार्द और पुलिस-जनता के मधुर संबंधों की सुंदर मिसाल पेश की। मां सिद्धेश्वरी धाम में हजारों दीपों की रोशनी और मेहनाजपुर थाना परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ ने क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। इन आयोजनों ने न केवल धार्मिक परंपराओं को जीवंत किया, बल्कि लोगों के मन में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद