फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय बाजार में पिछले कई महीनों से लग रहे भीषण जाम से लोग परेशान हैं। जाम से निजात दिलाने के लिए ग्रामीणों द्वारा शासन-प्रशासन को कई बार प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने पर समाजसेवियों ने स्वयं पहल करने का निर्णय लिया।
समाजसेवी जिलेदार यादव की पहल पर फरिहा से मोहम्मदपुर जाने वाले मार्ग के किनारे शारदा सहायक खंड-32 नहर की पटरी पर लंबे समय से उबड़-खाबड़ पड़े रास्ते को जेसीबी से समतल कराया। इसके लिए समाजसेवियों ने आपसी सहयोग और चंदा एकत्र कर करीब दो किलोमीटर रास्ते को बाईपास के रूप में तैयार कराया।
बताया गया कि यह रास्ता फरिहा और मुहम्मदपुर तिराहे की ओर से आने वाले वाहनों को फरिहा चौक के भीड़भाड़ वाले हिस्से से बचाते हुए आजमगढ़ जाने वाले मुख्य मार्ग से जोड़ने में मदद करेगा। जिसको आजमगढ़ जाना होगा वह इस बाइपास रोड से जा और आ सकता है इसी उद्देश्य से उसको समतल कराया गया है। इससे फरिहा चौक पर वाहनों का दबाव कम होने और जाम की समस्या से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
समाजसेवियों का कहना है कि यदि प्रशासन इस बाईपास मार्ग को स्थायी रूप से विकसित कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दे तो फरिहा बाजार में आएदिन लगने वाले जाम की समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकता है।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव