विद्यालय की जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण का आरोप

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र स्थित राहुल पूर्व माध्यमिक विद्यालय की सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण का मामला सामने आया है। बुधवार को विद्यालय के प्रधानाचार्य लाल बहादुर राहुल ने अपने समस्त स्टाफ के साथ एसडीएम एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अयान जैन को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
प्रधानाचार्य ने आरोप लगाया कि विद्यालय की बेशकीमती सरकारी जमीन पर कुलदीप मोदनवाल पुत्र शशि मोदनवाल, मनोज मोदनवाल पुत्र शंभू मोदनवाल तथा कुछ अज्ञात लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है। उक्त भूमि पर अवैध निर्माण का कार्य भी चल रहा है। इसके चलते विद्यालय के छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन और शैक्षणिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न हो रही है।
प्रधानाचार्य ने प्रशासन से मांग की कि विद्यालय की जमीन की राजस्व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष पैमाइश कराई जाए और सरकारी भूमि पर हो रहे कथित अवैध कब्जे एवं निर्माण को तत्काल रोका जाए, ताकि विद्यालय की संपत्ति सुरक्षित रह सके और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
मामले की सूचना मिलने पर निजामाबाद थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस ने दोनों पक्षों को राजस्व विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क कर जमीन की विधिवत पैमाइश कराने की सलाह दी। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले को समझने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर श्याम बिहारी सिंह यादव, अमरजीत यादव, किंस राज गौतम, सुनीता भारती, शिवानी यादव, निशा चौहान आदि उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *