फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा-असूरायन स्थित मकान में मंगलवार सुबह छत पर लगी झालर उतारते समय करंट की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बेलवारपार गांव निवासी शिवराम यादव पुत्र लौटन यादव 62 वर्ष फरिहा-असूरायन में मकान बनाकर रहते थे। मंगलवार सुबह वह मकान की छत पर लगी झालर उतार रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में मौजूद झाड़ू में लगा लोहे की रॉड ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से छू गई। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक के तीन पुत्र हैं और तीनों विवाहित हैं। रोजी-रोटी के सिलसिले में तीनों पुत्र घर से बाहर रहते हैं। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव