आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में पुलिस लाइन आजमगढ़ में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा, बचाव एवं राहत कार्यों के संचालन तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय की तैयारियों का सजीव प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल का शुभारंभ सामान्य जनजीवन की स्थिति के प्रदर्शन के साथ हुआ। इसके पश्चात हवाई हमले की सूचना प्रसारित होते ही रेड अलर्ट जारी किया गया तथा दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया। इसके साथ ही सभी विद्युत लाइनों की आपूर्ति बंद कर ब्लैक आउट किया गया। इस दौरान नागरिकों द्वारा हवाई हमले से बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने तथा नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा लोगों को बंकर में पहुंचाकर सुरक्षित आश्रय दिलाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
6ः8नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दुश्मन के ड्रोन को निष्प्रभावी करने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया। इसके बाद 6ः10 बजे हवाई हमले की समाप्ति का संकेत देते हुए ग्रीन सिग्नल जारी किया गया तथा दो मिनट तक ऊंची आवाज में सायरन बजाया गया। घटना नियंत्रण अधिकारी द्वारा घटनास्थल की स्थिति का आकलन कर नागरिक सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को सूचना प्रेषित करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
इनसेट-
अग्निशमन एवं राहत-बचाव कार्यों का किया गया सजीव प्रदर्शन
आजमगढ़। मॉक ड्रिल के अगले चरण में विभिन्न प्रकार की आग से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन किया गया। इसमें गैस सिलेंडर में लगी आग, पेट्रोल की आग एवं अन्य छोटी आग को बुझाने की प्रक्रिया प्रदर्शित की गई। घर में आग लगने से अंदर फंसे व्यक्ति को फायर सूट पहनकर सुरक्षित बाहर निकालने तथा अग्निशमन विभाग के फायर टेंडर के माध्यम से आग पर काबू पाने का अभ्यास किया गया। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने का भी प्रदर्शन किया गया।
इनसेट-
विभिन्न आपातकालीन रेस्क्यू तकनीकों का हुआ प्रदर्शन
आजमगढ़। मॉक ड्रिल के दौरान ऊंची इमारतों से घायलों को सुरक्षित निकालने के लिए जाल का उपयोग तथा टू-हैंडेड सीट, थ्री-हैंडेड सीट, पिक-ए-बैक, फोर-एंड-आफ्ट सहित विभिन्न आपातकालीन रेस्क्यू तकनीकों का अभ्यास किया गया।
इनसेट-
विभिन्न विभागों की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ किया अभ्यास
आजमगढ़। इस व्यापक मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, सफाई कर्मचारी, होमगार्ड, पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस सेवा सहित विभिन्न विभागों एवं इकाइयों की टीमें शामिल रहीं। सभी टीमों ने आपसी समन्वय एवं तत्परता के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को संपादित करने का अभ्यास किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल