लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बेटी की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शादी से ठीक एक दिन पहले सड़क हादसे में घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार में एक तरफ पिता की मौत का गम था तो दूसरी तरफ बेटी की शादी की जिम्मेदारी। ऐसे दुखद माहौल में परिजनों ने रविवार को पोस्टमार्टम से पहले बेटी की शादी की रस्में पूरी कराईं।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सराय पल्टू निवासी सीताराम (58) पुत्र सामू शनिवार की शाम लगभग 4 बजे बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा स्थित यूनियन बैंक से रुपये निकालकर साइकिल से सड़क पर आए थे। इसी दौरान पीछे खड़ी पिकअप और सामने से आ रहे चारपहिया वाहन के बीच उनकी साइकिल फंस गई। हादसे में सीताराम गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने उन्हें वाहनों के बीच से बाहर निकाला और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान देर रात्रि उनकी मौत हो गई। रविवार की शाम को शादी के बाद शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। सीताराम के परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं। इनमें से एक बेटी की शादी रविवार को होनी थी। शादी की तैयारियों के बीच पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इसके बावजूद परिजनों ने गमगीन माहौल में बेटी की शादी की रस्में पूरी कराईं। वही घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची बरदह पुलिस शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज जांच में जुट गई। उप निरीक्षक पुनीत श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद