जिले की तीन सीटों पर निषाद पार्टी उतारेगी प्रत्याशी-डॉ. संजय निषाद

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के भोराजपुर स्थित कांटा वाली बाग में रविवार को निषाद पार्टी की ओर से आयोजित संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि वह नेता नहीं, बल्कि समाज के बेटे हैं। उन्होंने अतरौलिया विधानसभा सीट समेत आजमगढ़ जिले की तीन सीटों पर निषाद पार्टी के प्रत्याशी उतारने का दावा किया।
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने कहा कि गरीबी एक बीमारी है, जिसका समाधान समझदारी है। समाज को इस बीमारी से बाहर निकालने के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देनी होगी। समाज में एकजुटता जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि निषाद समाज की आबादी करीब 18 प्रतिशत होने के बावजूद राजनीतिक रूप से उसकी पहचान और हिस्सेदारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं बन पाई है। उन्होंने यादव समाज और अनुसूचित जाति के लोगों की राजनीतिक एकजुटता का उदाहरण देते हुए निषाद समाज से भी संगठित होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक समाज एकजुट नहीं होगा, तब तक उसे नौकरी, राजनीति और अन्य क्षेत्रों में उचित हिस्सेदारी नहीं मिल पाएगी। डॉ. निषाद ने कहा कि समाज को अपने हक और हिस्सेदारी के लिए निषाद पार्टी के बैनर तले एकजुट होना होगा। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि अतरौलिया में आयोजित महासम्मेलन में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने दावा किया कि इस बार चुनाव में बूथ कैप्चरिंग जैसी गतिविधियों का जनता जवाब देगी। पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने कहा कि अब निषाद समाज प्रलोभन में आकर अपना वोट देने वाला नहीं है। अतरौलिया की धरती वीरों की धरती है और यहां के लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रहे हैं।
इस मौके पर मालती देवी निषाद, डॉ. अमित निषाद, रविंद्र मणि निषाद, व्यास मुनि, बाबूराम निषाद, मिठाई लाल निषाद, अनिल निषाद, शिवकुमारी निषाद समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *