महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकासखंड के रग्घूपुर टिकर पैठान गांव निवासी पत्रकार दुर्गेश द्विवेदी ने शनिवार को अपने आवास पर बिलरियागंज और महराजगंज क्षेत्र के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों संग बैठक की। उन्होंने सभी पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। यह आयोजन महज एक औपचारिक बैठक न होकर पत्रकारों के बीच संवाद, परिचय और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने का विशेष अवसर बन गया।
दुर्गेश द्विवेदी ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और डिजिटल मीडिया की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारों को अपनी मेहनत, ईमानदारी और निष्पक्षता के दम पर अपनी अलग पहचान बनानी चाहिए। पॉडकास्ट, वीडियो रिपोर्टिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण खबरें अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकती हैं। इससे पत्रकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही आय के नए अवसर भी मिल सकते हैं।
अन्य वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों के संकलन और प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि एक-दूसरे के सम्मान, सहयोग और सुख-दुख में सहभागी बनने का नाम भी है। सभी ने भविष्य में भी समय-समय पर ऐसी बैठकें आयोजित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर कमलाकान्त शुक्ला, राज नारायण मिश्रा, बजरंगी विश्वकर्मा, बबलू राय, शत्रुघन यादव, हरिवंश चतुर्वेदी, रोशन लाल, सर्वेश पांडेय, सदाबृज राजभर, प्रवीण यादव, विजय कुमार, तारकेश्वर मिश्रा, अजय मिश्र, कुलदीप सिंह, आशुतोष मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा