फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय ब्लॉक की 89 ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था के लिए 158 सफाईकर्मियों की तैनाती है। इन पर सरकार हर महीने लाखों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन गांवों में जगह-जगह कूड़े का ढेर और जाम नालियां व्यवस्था की पोल खोल रही हैं।
आरोप है कि अधिकारियों की उदासीनता के चलते कहीं एक ही गांव में तीन-तीन सफाईकर्मी तैनात हैं तो कहीं सफाई के लिए एक भी कर्मचारी उपलब्ध नहीं है। सबसे खराब स्थिति ब्लॉक मुख्यालय फूलपुर स्थित गांव की है। यहां शबाना आजमी मार्ग के आसपास तथा मुंशी दौलत लाल मार्ग के किनारे नालियां जाम हैं। मोहल्लों में जगह-जगह कूड़ा जमा है। जब ब्लॉक मुख्यालय के गांव की यह स्थिति है तो दूरदराज के गांवों में सफाई व्यवस्था का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
ऊदपुर-शबाना आजमी मार्ग के किनारे बसे ग्रामीणों ने गंदगी को लेकर विरोध जताया और शिकायत की। इसके बाद बीडीओ फूलपुर विनीत कुमार यादव ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत को कूड़ा उठवाने और नालियों की सफाई कराने का निर्देश दिया। आरोप है कि आदेश के बाद कूड़ा तो उठाया नहीं गया और नालियों की सफाई भी नहीं हुई, बल्कि जमा कचरे में आग लगा दी गई। इससे पूरे मोहल्ले में धुआं और प्रदूषण फैल गया।
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारी आदेश और निर्देश तो जारी कर देते हैं, लेकिन कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण नहीं किया जाता। सफाईकर्मियों की लापरवाही पर कार्रवाई नहीं होने से व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। ऐसे में सफाईकर्मी मानदेय प्राप्त कर रहे हैं, जबकि गांवों के लोग गंदगी से परेशान हैं।
इस संबंध में बीडीओ विनीत कुमार यादव ने बताया कि एडीओ पंचायत से बात कर आज स्वयं सफाई व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय