मुठभेड़ में गैंग लीडर घायल, सरगना समेत तीन गिरफ्तार

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तरवां थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंग लीडर सुनील कुमार के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की रात चेकिंग के दौरान सफेद रंग की डस्टर कार से राहुल कुमार निवासी मेहनगर और नितेश निवासी बहरियाबाद (गाजीपुर) को गिरफ्तार किया गया। कार से चोरी के टायर, पेंट, मशीनें और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ के बाद रोशनपुर जंगल से भी चोरी का सामान बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गैंग के सरगना सुनील कुमार की तलाश शुरू की। 19 नवंबर की सुबह दर्राेपुर मोड़ के पास पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस, 53 हजार रुपये नकद और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, गैंग आजमगढ़ के देवगांव और तरवां, जौनपुर के केराकत तथा गाजीपुर के दुल्लहपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। बरामद सामान में डस्टर कार, चार मोटरसाइकिल, पेंट के 42 डिब्बे, मोबिल ऑयल के 84 डिब्बे, 15 टायर, बैटरी, इन्वर्टर, लैपटॉप, एलईडी टीवी और प्रिंटर समेत अन्य सामान शामिल हैं।
गैंग लीडर सुनील कुमार के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 50 मुकदमे दर्ज हैं। गैंग का एक अन्य आरोपी अभिषेक सिंह फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *