30 दिवसीय नाट्य प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कला संस्कृति एवं नाटक से जुड़े सूत्रधार संस्थान द्वारा आयोजित 30 दिवसीय नाट्य प्रशिक्षण कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन बुधवार देर शाम रैदोपुर स्थित आनंदमार्ग स्कूल के भरतमुनि सभागार में हुआ। इस अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा एक विशेष सीन वर्क आधारित नाट्य प्रयोग किया गया जिसका निर्देशन युवा रंगकर्मी सूरज नाथ यादव ने किया।
इस नाट्य प्रयोग में तीन अलग-अलग नाटकों के चुनिंदा पात्रों पर आधारित एकल अभिनय (सोलो परफॉर्मेंस) प्रस्तुत किए गए। प्रयोग के अंतर्गत धर्मवीर भारती के नाटक ‘अंधा युग’ से अश्वस्थामा, संजय, श्रीकृष्ण और गांधारी के पात्रों को मंच पर साकार किया गया। दूसरे सत्र में मोहन राकेश के नाटक ‘आधे-अधूरे’ से किन्नी के पात्र का एकल अभिनय किया गया। अंत में विजय तेंदुलकर का नाटक ‘खामोश! अदालत जारी है‘ से मिस लीला बेणारे के पात्र का एकल अभिनय किया गया। इस नाट्य प्रयोग के माध्यम से प्रतिभागियों ने अलग-अलग पात्रों की मनःस्थितियों, संवाद अदायगी और अभिनय की विविध शैलियों को समझने तथा मंच पर अभिव्यक्त करने का प्रयास किया।
30 दिनों की यह प्रशिक्षण यात्रा प्रतिभागियों के लिए रंगमंच को करीब से समझने, सीखने और अपनी अभिनय क्षमता को विकसित करने का एक महत्वपूर्ण अनुभव रही। इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी प्रशिक्षकों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का ख्यातिलब्ध रंगकर्मी अभिषेक पंडित ने प्रशंसा की।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *