आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील सगड़ी क्षेत्र के ग्रामसभा बिजरवां के ग्रामीणों ने गांव में तैनात लेखपाल राजकुमार सोनकर की कार्यशैली पर असंतोष जताते हुए उनके खिलाफ जांच कराने और स्थानांतरण की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने एसडीएम सगड़ी को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि लेखपाल द्वारा आय एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बिना पैसे दिए रिपोर्ट नहीं लगाई जाती है। ग्रामीणों के मुताबिक, जब इस संबंध में उनसे सवाल किया जाता है तो कथित तौर पर कहा जाता है कि पैसा सरकारी खजाने में जमा होगा, अपने लिए नहीं मांगा जा रहा है।
इसके अलावा ग्रामीणों ने जमीन की पैमाइश में भी पक्षपात किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पैमाइश के दौरान कुछ लोगों को कथित रूप से अधिक रकबा दिया जाता है, जबकि अन्य ग्रामीणों के साथ न्याय नहीं हो रहा है। इससे गांव के लोगों में नाराजगी और असंतोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने एसडीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित लेखपाल के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा उनके स्थान पर किसी अन्य लेखपाल की तैनाती करने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र देने वालों में सोनू सिंह, मोनू सिंह, अभिषेक सिंह, विशाल, प्रेम चौबे, संजय सिंह, रोहन सिंह, अमित सिंह, हिमांशु सिंह, अनुज सिंह, जयप्रकाश सिंह, बालकेश राजभर, सुशील सिंह आदि शामिल हैं।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार