किसी भी दशा में प्रभावित न होने पाये परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता: मण्डलायुक्त

शेयर करे

आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मण्डलायुक्त विवेक ने कहा है कि अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 एवं कक्षा 9 में प्रवेश लिये जाने हेतु आगामी 31 जनवरी, को होने वाली प्रवेश परीक्षा-2027-28 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने की सम्पूर्ण व्यवस्थायें समय से पूर्ण कर ली जाय। उन्होंने मंगलवार को अपने कार्यालय सभागार में उक्त प्रवेश परीक्षा हेतु गठित मण्डल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिया कि किसी भी दशा में परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता प्रभावित नहीं होनी चाहिए, इसलिए तैयारियांे का निरन्तर जायजा लेते रहें, ताकि परीक्षा के समय किसी भी प्रकार असुविधा उत्पन्न होने की संभावना समाप्त हो सके।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि जो भी परीक्षा केन्द्र बनाये जायें उन परीक्षा केन्द्रों का परीक्षण कर लें, यदि कोई कमी पायी जाती है तो उसे समय से दूर करायें। उन्होंने उप श्रमायुक्त राजीव कुमार सिंह तथा सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार को निर्देश दिया कि दोनों अधिकारी सप्ताह में कम से कम एक बार अलग-अलग दिवसों में स्वयं अटल आवासीय विद्यालय का भ्रमण करें तथा अध्यापन कार्यों के साथ ही छात्र/छात्राओं को उपलब्ध कराये जाने वाली अन्य सभी सुविधाओं को देखें।
उप श्रमायुक्त राजीव कुमार सिंह ने उक्त प्रवेश परीक्षा की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक विद्यालय में कक्ष 6 के 140 तथा कक्षा 9 में 9 छात्र/छात्राओं का प्रवेश लिया जाना है। परीक्षा मण्डल के तीनों जनपदों में चयनित परीक्षा केन्द्रों पर 31 जनवरी, 2027 को सम्पन्न होगी तथा उत्तर पुस्तिकाओं की जॉंच आदि के उपरान्त 25 फरवरी को परिणाम घोषित किया जायेगा।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग कुमार श्रीवास्तव, बीएसए राजीव पाठक, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, प्रवर्तन अधिकारी बलिया साहा राम, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मऊ लईक अहमद आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *