अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकास खंड कोयलसा की ग्राम पंचायत कटोही में कोटेदार के चयन के लिए मंगलवार को आयोजित खुली बैठक गहमागहमी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इसमें दो प्रत्याशियों सोनी तिवारी पत्नी सत्येंद्र और लालिमा यादव पत्नी सुरेंद्र के बीच मुकाबला हुआ। समर्थन के आधार पर लालिमा यादव को 372 और सोनी तिवारी को 329 लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ। इस प्रकार लालिमा यादव के पक्ष में कोटे का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया।
प्राथमिक विद्यालय खदेरू पट्टी में आयोजित खुली बैठक को लेकर सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी थी। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बूढ़नपुर सर्किल के चार थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही। चुनाव अधिकारी के रूप में बीडीओ कोयलसा रामसागर सिंह, एडीओ कोऑपरेटिव सुबोध चंद और एडीओ एजी मंडलेश राव मौजूद रहे।
गौरतलब है कि कटोही ग्राम पंचायत में कोटेदार के चयन को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। बीते 12 सितंबर को आयोजित चुनाव प्रक्रिया विवाद के चलते स्थगित कर दी गई थी।
बीडीओ रामसागर सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से उन्हें चुनाव के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किया गया था। ग्राम प्रशासक की अध्यक्षता में खुली बैठक कराई गई, जिसमें लालिमा यादव के पक्ष में उचित दर विक्रेता चयन का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया।
इस दौरान सचिव सभा राम वर्मा, ग्राम प्रशासक कविता मौर्य, बीएमएम राजेश, अतरौलिया थाना अध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद