लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दलित युवा मोर्चा के अध्यक्ष जगपति राम ने पिछले दिनों तरफकाजी देवगांव स्थित नेशनल पैथोलॉजी सेंटर के संचालक सुभाष चंद्र यादव से मुलाकात कर ऑनलाइन ठगी के मामले में उनका हाल जाना और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। सुभाष चंद्र यादव के साथ साइबर ठगों ने 81 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी।
जगपति राम ने कहा कि शासन-प्रशासन को इस मामले में अविलंब कार्रवाई करनी चाहिए। आम जनता अपनी गाढ़ी कमाई अच्छे और बुरे वक्त के लिए बचाकर रखती है, लेकिन साइबर ठग पलभर में लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर देते हैं। ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को ऐसी ठोस व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे साइबर ठगी का शिकार हुए लोगों को उनकी रकम जल्द से जल्द वापस मिल सके। पुलिस के अनुसार, पीड़ित के 78 हजार रुपये होल्ड करा दिए गए हैं, लेकिन उनके घर में शीघ्र ही शादी होने वाली है। ऐसे में आशंका है कि उन्हें जरूरत के समय यह रकम वापस नहीं मिल पाएगी। जगपति राम ने मांग की कि होल्ड कराई गई रकम को कानूनी प्रक्रिया के तहत अविलंब पीड़ित को सुपुर्द करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरत के समय पीड़ित को राहत मिल सके। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी प्रभुनाथ सोनकर, डॉ. अरविंद, भगवान दास आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद