मकान की पहली मंजिल पर लगी आग, मची अफरा-तफरी

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शहर के चौक स्थित पुरानी सब्जी मंडी रोड के खत्री टोला मोहल्ले में सोमवार को एक मकान की पहली मंजिल पर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घनी आबादी और बेहद संकरी गली में मकान होने के कारण दमकल विभाग की टीम को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंचीं दमकल की दो गाड़ियों को गली में प्रवेश नहीं मिल सका, जिसके चलते उन्हें मुख्य सड़क पर खड़ा करना पड़ा। इसके बाद लंबी पाइप के सहारे मकान तक पानी पहुंचाकर आग बुझाने का अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फायर ब्रिगेड अधिकारी बनारसी दास ने बताया कि खत्री टोला की एबीसी गली में राकेश कुमार अग्रवाल का पुराना मकान है। मकान में बुजुर्ग महिला अंजू अग्रवाल और एक युवक आलोक रहते हैं। सोमवार को आलोक बलिया गया हुआ था, जबकि बुजुर्ग महिला मकान के निचले तल पर मौजूद थीं। आग पहली मंजिल पर स्थित एक कमरे में लगी थी, जहां कपड़े और अन्य घरेलू सामान रखे हुए थे।
बताया गया कि घटना के समय मकान में बिजली का कनेक्शन चालू था। प्रारंभिक आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के चलते कमरे में रखे सामान में आग लगी। समय रहते जानकारी नहीं मिलने से आग धीरे-धीरे फैलने लगी और विकराल रूप धारण कर लिया। आग की जानकारी होने पर बुजुर्ग महिला ने बाहर निकलकर मोहल्ले के लोगों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद दमकल विभाग को बुलाया गया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *