पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा मानपुर स्थित मां कालिका मंदिर परिसर इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है। मंदिर परिसर में भव्य शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर के पुजारी हरिश्चंद्र पांडेय एवं श्रीकांत उपाध्याय की प्रेरणा से आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान 12 नवंबर से प्रारंभ होकर 16 नवंबर तक अनवरत चलेगा।
ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग और श्रद्धा से मंदिर परिसर में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। आयोजन के समापन के बाद 17 नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। आयोजकों की ओर से समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की गई है। मानपुर गांव में आयोजित यह शतचंडी यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सामूहिक आस्था का भी प्रतीक बन गया है। मां कालिका के जयकारों और वैदिक मंत्रों से गूंजता मंदिर परिसर पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बिखेर रहा है।
रिपोर्ट-बबलू राय