फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रोवां स्थित यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में शनिवार को बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए भारतीय व्यंजनों के साथ फ्रूट, फास्ट फूड, चाय, कॉफी, पकौड़े, मिष्ठान और गोलगप्पे समेत विभिन्न खानपान के आकर्षक स्टॉल लगाए।
बच्चों ने अपने-अपने स्टॉल को आकर्षक ढंग से सजाकर खाद्य पदार्थों को लोगों के सामने प्रस्तुत किया। मेले में विद्यालय के बच्चों, अभिभावकों और अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का आनंद लिया तथा बच्चों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों में मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक अब्दुल्ला खान ने फीता काटकर किया। अमरनाथ विश्वकर्मा ने अतिथियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रबंधक अब्दुल्ला खान ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रंगोली सहित विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव