अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विश्व मधुमेह दिवस पर शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को डायबिटीज के प्रति सचेत किया गया। स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. शिवाजी सिंह के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की शुगर जांच पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही लोगों को मधुमेह के लक्षण, उससे होने वाले गंभीर नुकसान और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. शिवाजी सिंह ने बताया कि मधुमेह एक ऐसी बीमारी है, जो शुरुआती दौर में अक्सर स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाती। इसी वजह से इसे छुपी हुई बीमारी भी कहा जाता है। कई बार लोगों को बीमारी का पता तब चलता है, जब इसका असर शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर पड़ने लगता है। उन्होंने कहा कि बार-बार पेशाब आना, अधिक प्यास लगना, सामान्य से ज्यादा भूख लगना और बिना किसी कारण तेजी से वजन कम होना मधुमेह के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल शुगर की जांच करानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन एनसीडी ओपीडी संचालित होती है। अभियान के तहत 30 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से शुगर और रक्तचाप की जांच कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे बचाव के लिए संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम, संयमित दिनचर्या और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। चिकित्सक की सलाह के अनुसार दवाओं का नियमित सेवन कर मधुमेह को नियंत्रित रखा जा सकता है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद