आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम खेमऊपुर में भूमिधरी कृषि भूमि पर बिना पूर्व सूचना एवं किसी वैधानिक प्रक्रिया के विद्युत पोल लगाए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भूमिधर सहखातेदारों ने जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर विद्युत विभाग के संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार ग्राम खेमऊपुर, परगना मोहम्मदाबाद, तहसील सदर स्थित गाटा संख्या 703, जिसका रकबा 1.6450 हेक्टेयर तथा गाटा संख्या 700, जिसका रकबा 2.0370 हेक्टेयर है, उनकी भूमिधरी एवं कृषि भूमि है। आरोप है कि विद्युत विभाग के ठेकेदार दीपक सिंह और अनुप मिश्रा द्वारा 10 एवं 11 नवंबर की रात बिना किसी पूर्व सूचना और अनुमति के उक्त भूमि में कई स्थानों पर विद्युत पोल गाड़ दिए गए। इससे उनकी कृषि भूमि प्रभावित हो रही है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विद्युत पोल लगाए जाने से उनकी पूरी आराजी की घेराबंदी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे भूमि के उपयोग एवं कृषि कार्य में परेशानी होने की आशंका है। उनका आरोप है कि इस संबंध में न तो उन्हें कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही उनकी आपत्ति पर उचित ध्यान दिया गया।
इस मामले को लेकर भूमिधर सहखातेदारों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि प्रकरण की तत्काल जांच कराई जाए तथा भूमि में लगाए गए विद्युत पोलों की वैधानिकता की जांच करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में इन्द्रदेव पुत्र खरपत्तू, रमेश व दिनेश पुत्र चन्द्रभान, उर्मिला पत्नी श्यामजीत, रामचन्द्र पुत्र श्यामजीत, लालजी पुत्र नगीना, हरदेव पुत्र सन्तू, हरेन्द्र पुत्र मिठ्ठू, सहित आदि ग्रामीण शामिल रहे है।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार