निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बे में आयोजित ऐतिहासिक भइया दूज एवं गोवर्धन पूजा मेला हर्षाेल्लास और भक्तिमय वातावरण में सकुशल संपन्न हो गया। हजारों श्रद्धालुओं ने 41 पंडालों में स्थापित देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाओं का दर्शन-पूजन किया।
मेले में नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बनाए गए 41 पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सभी पंडालों में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए प्रतिमाओं के पट खोल दिए गए। रात करीब आठ बजे सभी पंडालों में एक साथ ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से हनुमान चालीसा का पाठ शुरू हुआ, जिससे पूरा कस्बा भक्तिमय हो उठा। इसके बाद विभिन्न पंडालों में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
मेले की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी निजामाबाद अयान जैन, तहसीलदार उमेश कुमार सिंह तथा थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह देर रात तक व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र