लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को एसडीएम लालगंज नेहा मिश्रा ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं उनकी टीम के साथ लालगंज बाजार में मिठाई की दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अभियान की भनक लगते ही कई दुकानदार अपनी दुकानों के शटर गिराकर मौके से चले गए।
निरीक्षण के दौरान गुरु कृपा मिष्ठान भंडार, मधुराज स्वीट्स और राजनंदनी मिष्ठान भंडार सहित कई दुकानों की जांच की गई। इस दौरान कुछ दुकानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। दुकानों में गंदगी और कूड़ा पाया गया। वहीं, मिठाइयां तैयार करने वाले कर्मचारी बिना कैप और ग्लव्स के काम करते मिले। गुरु कृपा मिष्ठान भंडार में निरीक्षण के दौरान स्वच्छता संबंधी खामियां मिलने पर बेसन का घोल और शीरा मौके पर ही नष्ट कराकर फेंकवा दिया गया। इसके अलावा खोया, बेसन और दूध से तैयार मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने तक संबंधित दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और कर्मचारियों की स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं पर जवाब मांगा जा रहा है।
एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट, गंदगी और अस्वच्छ तरीके से मिठाइयां तैयार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद