शिब्ली डे समारोह सप्ताह पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन

शेयर करे

आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शिब्ली नेशनल कॉलेज में शिब्ली डे समारोह सप्ताह -2026 का आज उत्साह पूर्ण शुभारंभ हुआ। समारोह के प्रथम दिवस पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका शीर्षक ‘विविधता में एकता था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अफसर अली द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इस प्रकार के आयोजनों की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं रचनात्मकता के साथ प्रतिभाग किया। इसमें कुल आठ समूहों ने हिस्सा लिया। विभिन्न समूहों द्वारा प्रस्तुत रंगोलियों में भारतीय समाज की सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता की सुंदर झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से ‘विविधता में एकता’ के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

शिब्ली नेशनल कॉलेज, आज़मगढ़ में हर वर्ष शिब्ली डे 18 नवंबर को मनाया जाता है परन्तु उसके पूर्व शिब्ली डे समारोह सप्ताह के रूप में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, आज की यह रंगोली प्रतियोगिता उसी क्रम की एक कड़ी है। इस वर्ष शिब्ली डे समारोह एवं उससे जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन डॉ. जर्रार अहमद विभागाध्यक्ष शिक्षाशास्त्र के समन्वयक में सम्पन्न हो रहा है। जिसमें आने वाले विगत दिनों में विभिन्न प्रतियोगिताएं जैसे साइंस इन एक्शन, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी, कैलीग्राफी एवं पेंटिंग, क्विज कंपटीशन, काव्य-पाठ प्रतियोगिता, लेखन प्रतियोगिता, अन्ताक्षरी, रील प्रतियोगिता इत्यादि विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आज के रंगोली कार्यक्रम को सम्पन्न करने में डॉ. दरख्शां खातून, डॉ. गीता यादव, डॉ. अनीता राय एवं डॉ. प्रियंका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *