अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शरद पूर्णिमा के अवसर पर नगर पंचायत अतरौलिया में रविवार से तीन दिवसीय दुर्गा पूजा मेले का शुभारंभ हो गया। मेले को लेकर नगर क्षेत्र में उत्सव का माहौल है।
भव्य पंडालों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से पूरा नगर जगमगा उठा है। मां दुर्गा के दर्शन और मेले का आनंद लेने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। मेले को भव्य रूप देने के लिए पूजा समितियों और युवाओं ने दिन-रात मेहनत की है। नगर पंचायत क्षेत्र में करीब दो दर्जन छोटी-बड़ी मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। जायसवाल त्रिमुहानी, शंकर त्रिमुहानी सेवा संघ, बुढ़ानिया रोड, गोला बाजार, हनुमानगढ़ी, रामबरन चौक, रामजानकी मंदिर, दुर्गा मंदिर और सदर बाजार समेत विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं। पंडालों में मां दुर्गा के मनमोहक स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
मेले में मुख्य आकर्षण का केंद्र हनुमानगढ़ी स्थित दक्षिण भारत के मीनाक्षी मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल व हनुमान जी की मूर्ति है। मेले के पहले दिन ही नगर में चहल-पहल देखने को मिली। सड़क किनारे सजी दुकानों, रंग-बिरंगी लाइटों और साउंड सिस्टम ने मेले की रौनक बढ़ा दी है। दुकानदारों में भी मेले को लेकर खासा उत्साह है। दूर-दराज से आए व्यापारियों को उम्मीद है कि तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले में अच्छी बिक्री होगी और महंगाई के दौर में उन्हें कारोबार बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
तीन दिवसीय मेले को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डेढ़ सेक्शन पीएसी के साथ रौनापार, महाराजगंज, कप्तानगंज, तहबरपुर और बूढ़नपुर चौकी से पुलिस बल बुलाया गया है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद