अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर अल्पसंख्यकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें राजनीतिक इच्छाशक्ति है तो 2027 के विधानसभा चुनाव में किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करके दिखाएं। उन्होंने ईवीएम पर सवाल उठाने वाले विपक्षी सांसदों से भी इस्तीफा देने की मांग की।
रविवार को ओम प्रकाश राजभर विधानसभा क्षेत्र 343-अतरौलिया के ग्रामसभा शेखौना सेनपुर पहुंचे। यहां उन्होंने फिरोज अहमद के आवास पर प्रबुद्धजनों से शिष्टाचार भेंट की। समाज के विभिन्न वर्गों के साथ सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द्र और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के बीच विश्वास और भाईचारा ही मजबूत समाज की नींव है। श्री राजभर ने सपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं के समर्थन से पार्टी ने चार बार सरकार बनाई, लेकिन मुख्यमंत्री हमेशा अपने परिवार और जाति से बनाया। उन्होंने दावा किया कि आजादी के समय सरकारी नौकरियों में मुसलमानों की हिस्सेदारी 38 प्रतिशत थी, जो कांग्रेस और सपा के शासनकाल में घटकर एक प्रतिशत से भी कम रह गई। उन्होंने सपा शासनकाल में विभिन्न सरकारी भर्तियों में एक विशेष जाति को प्राथमिकता दिए जाने का भी आरोप लगाया।
इनसेट—
अति-पिछड़ी जातियों को मिलेगा अधिकार
अतरौलिया (आजमगढ़)। ओपी राजभर ने कहा कि सपा नेता सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट और 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के त्रिस्तरीय बंटवारे के मुद्दे पर बोलने से बचते हैं। उनके अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य अति-पिछड़ी जातियों को उनका वाजिब हक दिलाना है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस विषय पर उनकी सकारात्मक बातचीत हुई है। जातीय गणना के आधार पर अति-पिछड़ी जातियों को उनका अधिकार दिलाने की बात भी उन्होंने कही।
इनसेट–
ईवीएम पर विपक्ष को घेरा
अतरौलिया (आजमगढ़)। चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम को लेकर विपक्ष के सवालों पर राजभर ने कहा कि विपक्ष चुनाव जीतता है तो ईवीएम सही रहती है, लेकिन हारने पर मशीन पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि हालिया लोकसभा चुनाव में सपा ने उत्तर प्रदेश में 37 सीटें जीती हैं। यदि पार्टी को चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है और उसे ईवीएम में गड़बड़ी का संदेह है तो उसके सांसदों को इस्तीफा दे देना चाहिए।
इनसेट–
दम है तो जहूराबाद आकर लड़ें चुनाव
अतरौलिया (आजमगढ़)। अखिलेश यादव की ओर से सत्ता पक्ष को दी जाने वाली चुनौतियों पर पलटवार करते हुए राजभर ने उन्हें जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी। वहीं, निकाय और पंचायत चुनावों में ओबीसी आरक्षण के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन कर रही है। पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार और निर्धारित समय पर चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद