आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने इंटर कॉलेज किशुनदासपुर सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सीसीटीवी कैमरे आदि का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन की तैयारियों तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मुस्तैदी की जांच की। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों की ड्यूटी चेक करते हुए उन्हें निर्धारित दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी एवं निष्पक्षता के साथ करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मी एवं अन्य कर्मचारी पूरी सतर्कता बरतें तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए तथा किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर मुस्तैद रहें और परीक्षा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कतापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
रिपोर्ट-सुबास लाल