मेजवां में कैफी आजमी स्पोर्ट्स स्टेडियम की रखी गई नींव

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मशहूर शायर कैफी आजमी की स्मृति में मेजवां गांव स्थित कैफी आजमी स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। लंबे इंतजार के बाद बृहस्पतिवार को अभिनेत्री शबाना आजमी, अमेरिका से आईं डॉ. बीना पुरी और नम्रता गोयल ने संयुक्त रूप से स्टेडियम का शिलान्यास किया। सर्वप्रथम स्व.कैफी आजमी और शौकत कैफी के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
डॉ. बीना पुरी ने स्टेडियम के निर्माण के लिए हरसंभव वित्तीय सहयोग देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शबाना आजमी मेजवां के विकास के लिए सराहनीय और साहसिक कार्य कर रही हैं। गांव में हुए विकास कार्यों की चर्चा आज विश्व पटल पर हो रही है। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि लड़कियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
अभिनेत्री शबाना आजमी ने कहा कि मेजवां खेल प्रतिभाओं के लिए जाना जाता है। यहां के युवा और युवतियां विभिन्न खेलों में गहरी रुचि रखते हैं। स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह स्टेडियम जिले के बेहतरीन खेल परिसरों में शामिल होगा और यहां की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
मिजवां सोसाइटी के वरिष्ठ प्रबंधक सलीम खान ने बताया कि स्टेडियम का निर्माण कार्य एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कबड्डी, बैडमिंटन और ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का डॉ. बीना पुरी और शबाना आजमी ने उत्साहवर्धन किया। इसके बाद दोनों ने कैफी गर्ल्स कॉलेज, कंप्यूटर सेंटर और चिकनकारी केंद्र का निरीक्षण किया।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *