शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुआ गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक चुनाव

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 जनपद में जिलाधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर रविन्द्र कुमार के कुशल निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में सकुशल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुआ। इस दौरान शाम चार बजे तक कुल 6356 यानी 73.98 प्रतिशत वोट डाले गये।
मतदान प्रक्रिया के दौरान जनपद के सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया।
निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के साथ जनपद के विभिन्न मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर मतदान व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तहसील सदर, क्षेत्र पंचायत सठियांव, जहानागंज, तहबरपुर सहित विभिन्न मतदान केन्द्रों के बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मतदान केन्द्रों पर मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संचालित होता पाया गया।
जिलाधिकारी ने मतदान केन्द्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। वहीं, सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क एवं चौकन्ना रहते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन कंट्रोल रूम से सभी 23 मतदान केन्द्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की गयी।
इनसेट–
यहां पड़े इतने वोट
आजमगढ़। जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों पर शुक्रवार को शिक्षक एमएलसी के लिए मतदान सम्पन्न हुआ।
पटवध प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड बिलरियागंज के ब्लॉक मुख्यालय स्थित सभागार में मतदान केंद्र संख्या 97 पर कुल 426 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 307 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल 72.07 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान करने वालों में 209 पुरुष और 98 महिला मतदाता शामिल रहीं।
ठेकमा प्रतिनिधि के अनुसार ठेकमा ब्लॉक परिसर में कुल 449 मतदाताओं का विवरण था। इनमें चार मतदाताओं के मृत होने की जानकारी के बाद 445 मतदाता शेष रहे। इनमें से 328 शिक्षकों ने मतदान किया। इस प्रकार यहां 73.71 प्रतिशत मतदान हुआ। खंड विकास अधिकारी जयप्रकाश की उपस्थिति में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई। बरदह थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा, जबकि ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र पटेल निगरानी करते रहे। वहीं हरैया विकासखंड में कुल 437 मतदाता थे, जिनमें से 332 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां कुल 75.97 प्रतिशत मतदान हुआ।
बूढ़नपुर प्रतिनिधि के अनुसार विकास खंड कोयलसा में स्नातक एमएलसी चुनाव की मतदान प्रक्रिया शुक्रवार को सकुशल संपन्न हो गई। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चला। इस दौरान कुल 215 मतदाताओं में से 177 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि मतदान प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार महाराजगंज (आजमगढ़)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद खंड शिक्षक निर्वाचन के तहत गोरखपुर – फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन सीट के लिए जनपद में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी हुआ। सगड़ी तहसील के अंतर्गत महाराजगंज ब्लॉक मुख्यालय को भी मतदान केंद्र बनाया गया था। जहां 391 वोट रहा जबकि 319 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इनसेट—
पार्टी सिंबल पर चुनाव को लेकर शिक्षकों में चर्चा
ठेकमा (आजमगढ़)। इस बार शिक्षक निर्वाचन में राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों और पार्टी सिंबल को लेकर शिक्षकों के बीच चर्चा होती रही। शिक्षकों ने कहा कि पहले शिक्षक निर्वाचन में पार्टी सिंबल के बिना चुनाव होने की परंपरा देखने को मिलती थी, जबकि इस बार राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और उनके समर्थक सक्रिय दिखाई दिए। मतदान के दौरान यह बदलाव चर्चा का प्रमुख विषय बना रहा। दोनों विकासखंडों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *