विजयादशमी पर महराजगंज में उमड़ा आस्था का सैलाब

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत में विजयादशमी का पर्व हर्षाेल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर स्थित रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का भव्य मंचन किया गया। मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी पहुंचे। जैसे-जैसे राम-रावण युद्ध का मंचन आगे बढ़ा, वैसे-वैसे मैदान में मौजूद दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया।
इन मंचन के अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता जायसवाल भी अपने कर्मचारियों के साथ पहुंची और भगवान राम व लक्ष्मण सहित हनुमान आदि कलाकारों और नगर में आये श्रद्धालुओं का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया तथा शांति और सौहार्द के साथ मेले का आनंद लेने की अपील की।
पूर्व अध्यक्ष सीताराम कांदू भी रामलीला मैदान पहुंचे और मंचन के पात्रों का स्वागत किया। रामलीला के मंचन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया। वहीं, नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भक्तों ने मां दुर्गा के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मेले में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने विशेष उत्साह दिखाया। लोगों ने मेले में लगी दुकानों पर खरीदारी की और खानपान का आनंद लिया।
रामलीला मैदान में रात्रि के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखा गया। मेले के दृष्टिगत क्षेत्र में भारी सुरक्षा के इंतजाम किये गये थे। पूरे मेले क्षेत्र का ड्रोन कैमरे से भी निगरानी कराई जा रही थी। कुल मिलाकर, महराजगंज में विजयादशमी का पर्व धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सौहार्द एवं कड़ी सुरक्षा के वातावरण में उल्लासपूर्वक मनाया गया।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *