लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को देवगांव बाजार में स्वच्छता अभियान चलाया गया। ग्राम प्रधान आनंद यादव ने रामलीला मैदान के बगल में स्थित पोखरी में जमा बाजार के कचरे को हटवाने के लिए ट्रैक्टर और जेसीबी लगवाकर करीब 75 ट्राली कचरा निकलवाया। इसका उद्देश्य रामलीला मैदान के आसपास फैली गंदगी को दूर करना और धार्मिक आयोजन के मद्देनजर परिसर को स्वच्छ बनाना था।
रामलीला मैदान परिसर की सफाई विकासखंड के सफाई कर्मचारियों द्वारा कराई गई। इसके अलावा राम-जानकी का रथ जहां खड़ा होता है, उस स्थान की सफाई भी प्रधान आनंद यादव ने अपने स्तर से कराई, ताकि नवरात्र के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं, देवगांव-मेंहनाजपुर मार्ग पर पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई नाली कचरे से पट जाने के कारण सड़क पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। नाली की सफाई न होने से चारपहिया वाहन चालकों, बाइक सवारों और पैदल राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जमा पानी और गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
प्रधान आनंद यादव ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को संबोधित प्रार्थना पत्र तहसील दिवस में दिया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभाग की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया है। उन्होंने अपने खर्च से नाली की आंशिक सफाई भी कराई है, लेकिन सड़क के गड्ढे और जलभराव की समस्या अब भी बनी हुई है। नवरात्र के दौरान रामलीला मैदान में धार्मिक आयोजन होने के साथ राम-जानकी का रथ भी निकलना है। ऐसे में मार्ग की बदहाल स्थिति श्रद्धालुओं और आम राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद