प्रथम दिन देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन अतरौलिया नगर पंचायत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। नवरात्र पर्व के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र के देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिरों में बजते घंटे-घड़ियाल और मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। नगर पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर में सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की। नवरात्र पर्व को लेकर बाजारों में भी खासा उत्साह नजर आया। पूजा-पाठ के लिए आवश्यक सामग्री खरीदने को लेकर दुकानों पर लोगों की चहल-पहल बनी रही।
नगर क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी शारदीय नवरात्र का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। घरों में भी कलश स्थापना और पूजा-अर्चना के साथ नवरात्र का शुभारंभ हुआ। पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में लीन नजर आए।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *