निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बे से सटे भैरोपुर गांव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह चार बजे से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
नवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। मंदिर के आसपास सैकड़ों दुकानें सजी हुई हैं, जहां श्रद्धालु पूजा-पाठ की सामग्री सहित अन्य सामानों की खरीदारी कर रहे हैं। मंदिर परिसर में सुबह से ही भजन-कीर्तन का कार्यक्रम शुरू हो गया, जो पूरे नवरात्रि में सुबह और शाम आयोजित किया जाएगा। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
मंदिर के पुजारी अशोक माली ने बताया कि नवरात्रि के नौ दिनों में माता रानी का प्रतिदिन अलग-अलग स्वरूपों में विशेष श्रृंगार किया जाता है। उन्होंने मंदिर की एक पुरानी परंपरा का जिक्र करते हुए बताया कि परिसर में सैकड़ों दुकानें लगती हैं, लेकिन दुकानदार अपनी दुकानों में ताला नहीं लगाते हैं। वे अपना सामान केवल चादर से ढककर चले जाते हैं। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। थाना प्रभारी निजामाबाद राकेश कुमार सिंह ने हमराहियों के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र