फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत विभाग की ओर से हाय लॉस फीडर के अंतर्गत आने वाले कनेरी गांव में बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ सघन चेकिंग एवं राजस्व वसूली अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्युतकर्मियों ने घर-घर जाकर कनेक्शनों की जांच की और बकाया बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को प्रेरित किया।
अवर अभियंता विद्युत देवेंद्र सिंह, गद्दोपुर के अवर अभियंता आनंद यादव तथा बरईपुर के अवर अभियंता आसिफ के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 115 परिसरों की डोर-टू-डोर चेकिंग की गई। बकाया बिजली बिल जमा नहीं करने वाले 22 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई की गई। वहीं, चेकिंग के दौरान 25 उपभोक्ताओं ने अपने बकाया बिजली बिल जमा किए। अभियान के दौरान विभाग को करीब एक लाख दस हजार रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई। इसके अलावा पांच विद्युत उपभोक्ताओं के स्वीकृत विद्युत भार में वृद्धि की गई, जबकि दो उपभोक्ताओं के कनेक्शन की विधा में परिवर्तन किया गया। विद्युत विभाग की इस कार्रवाई से बकायेदारों में हलचल रही। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली बिल की बकाया वसूली और विद्युत कनेक्शनों की जांच के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान फीडर मैनेजर सूर्यभान सहित रमोध बिंद, अजय कुमार, राजकुमार, आबिद, चंद्रेश और इंद्रेश समेत अन्य विद्युतकर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय