अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। एसडी ग्लोबल पब्लिक स्कूल में भारतीय वायु सेना दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विशेष प्रार्थना सभा में छात्र-छात्राओं को वायु सेना के गौरवशाली इतिहास, अदम्य साहस और राष्ट्ररक्षा में उनके योगदान से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रक्षा प्रदर्शनी रही। कक्षा 9 के छात्र आदित्य कुमार एवं उनके सहपाठियों ने सामूहिक प्रयास से भारतीय वायु सेना की कार्यप्रणाली को प्रदर्शित करने वाले विमान और रॉकेट के सजीव मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की इस विषय-आधारित प्रस्तुति ने न केवल उपस्थित जनसमूह की वाहवाही बटोरी, बल्कि उनकी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और टीम भावना का भी उत्कृष्ट परिचय दिया।
विद्यालय प्रबंधन ने छात्र-छात्राओं के इस रचनात्मक प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की और देश की सीमाओं की रक्षा में समर्पित वीर वायु सैनिकों के त्याग और शौर्य को नमन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक राधेश्याम यादव, प्रधानाचार्या अनीता यादव, कोऑर्डिनेटर प्रदीप यादव, विजय प्रताप, आकांक्षा यादव, मोनिका एवं डिसिप्लिन इंचार्ज वसीम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद