नरौली की तरफ जाने वाले वाहनों का रहेगा रुट डायवर्जन

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सेवा संकल्प अभियान के मद्देनजर बुधवार 7 अक्टूबर को सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक जिले में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। नरौली में प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों से नरौली की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार हाईडिल चौराहा से नरौली तिराहा की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। शहर में आने वाले छोटे वाहन मऊ रोड, शंकर तिराहा, सिधारी पुल, शारदा चौराहा और गांधी तिराहा होकर जाएंगे। पहलवान तिराहा से नरौली जाने वाले वाहनों को हरवंशपुर और बागेश्वर चौराहा होते हुए भेजा जाएगा। बागेश्वर चौराहा से बंधा मोड़ होकर नरौली जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी। ऐसे वाहन हरवंशपुर, पहलवान तिराहा या करतालपुर होकर निकलेंगे। घंटाघर चौराहा से गिरजाघर और बंधा तिराहा होते हुए नरौली की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। शहर से बाहर जाने वाले वाहन रोडवेज, बागेश्वर चौराहा, हरवंशपुर और करतालपुर होकर जाएंगे। मऊ और बलिया की ओर जाने वाले छोटे वाहन अग्रसेन चौराहा, गांधी तिराहा, शारदा चौराहा और सिधारी पुल होकर जाएंगे। शारदा चौराहा से ठंडी सड़क होकर गिरजाघर की ओर भी वाहनों का आवागमन नहीं होगा। भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। बलिया और मऊ की ओर से आने वाले भारी वाहन एवं रोडवेज बसें बैठौली, हाफीजपुर और भंवरनाथ होकर जाएंगी। वाराणसी-जौनपुर से मऊ-बलिया की ओर जाने वाले ट्रक व डंपर बेलईसा, छतवारा और जहानागंज होकर जाएंगे, जबकि रोडवेज बसें बेलईसा, पहलवान तिराहा, हरवंशपुर और बागेश्वर चौराहा होकर संचालित होंगी। गाजीपुर और चिरैयाकोट की ओर से आने वाले भारी वाहन छतवारा से बेलईसा होकर जाएंगे। रोडवेज बसों के लिए छतवारा, बेलईसा, पहलवान तिराहा और बागेश्वर चौराहा का मार्ग निर्धारित किया गया है। पुलिस-प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *