संचारी रोग के प्रति किया गया जागरूक

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विशेष संचारी रोग अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अतरौलिया में एक से 31 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के क्रम में लोगों को संचारी रोगों से बचाव एवं रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य अधीक्षक डा. शिवाजी सिंह ने लोगों को साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और मच्छरों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, जापानी इंसेफेलाइटिस समेत कई संचारी रोगों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में घर के आसपास पानी जमा न होने दें और नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखें। मच्छरों की रोकथाम के लिए कूलर, गमले, टायर तथा अन्य स्थानों पर जमा पानी को तत्काल हटा दें। बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द अथवा अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लें।
बैनर पोस्टर जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ अपने घर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अस्पताल के डा.हरिश्चंद्र, आसिफ़, जितेन्द्र कुमार, बीसीपीएम सुरेश पांडेय, आशा संगिनी, आंगनबाड़ी व स्टाफ मौजूद रहे।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ अधीक्षक डा. अखिलेश कुमार ने किया। सहायक शोध अधिकारी उमेश कुमार यादव एवं वरिष्ठ नेत्र परीक्षण अधिकारी डा. आरबी वर्मा ने संचारी रोगों से बचाव की जानकारी दी। लोगों से कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने तथा बच्चों को जेई के दोनों टीके लगवाने की अपील की गई। रैली के दौरान “स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है” का संदेश दिया गया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *