ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़कर चोरी

शेयर करे

फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय बाजार में गुरुवार की रात चोरों ने आजमगढ़ रोड स्थित ओम ज्वैलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए सामने का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान में रखे आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी दुकान संचालक को शुक्रवार की सुबह हुई।
दुकान संचालक पवन गुप्ता ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह, सीओ सदर आस्था जायसवाल, विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम तथा थाना निजामाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार दुकान से करीब तीन किलो चांदी, 15 ग्राम सोना और तीन हजार रुपये नकद चोरी होने की बात कही गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *