फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान के तहत यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल रोवां फरिहा में स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की। विद्यार्थियों ने झाड़ू लगाकर कूड़ा-कचरा हटाया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
विद्यार्थियों ने “स्वच्छ परिसर-स्वस्थ समाज-उज्ज्वल भविष्य” का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्वच्छता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण के महत्व पर भी चर्चा हुई। छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता से संबंधित चित्र एवं संदेशों के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।
विद्यालय की ओर से बताया गया कि “सेवा के माध्यम से बेहतर बनेगा कल” की भावना के साथ विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विंध्य आशीष यादव, चांदनी, अनुष्का, साहिल, गौरव, विराट, प्रबंधक अब्दुल्ला खान, अमरनाथ विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव