बाल श्रम चालान पर बवाल, उप श्रमायुक्त कार्यालय पहुंचा पीड़ित

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले में श्रम विभाग की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए एक पीड़ित युवक ने उप श्रमायुक्त मण्डल आजमगढ़ कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है। सर्व समाज मिस्त्री सेवा समिति के बैनर तले शिकायती पत्र सौंपते हुए पीड़ित ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी की चालानी कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय की गुहार लगाई है।
मामला आजमगढ़ जिले के ग्राम हैदराबाद उर्फ छतवारा, चंडेश्वर निवासी पवन रानी की सराय स्थित मेसर्स आनन्द आटो गैरेज में नियोजक महेश वर्मा के अधीन कार्यरत है। पीड़ित के अनुसार, बीते 22 सितंबर 2026 को दोपहर के वक्त श्रम प्रवर्तन अधिकारी अचानक गैरेज पहुंचे और आनन-फानन में 25 हजार रूपये का चालान काट दिया। पीड़ित का आरोप है कि बालिग होने के बावजूद उस पर गलत तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है। पीड़ित पवन ने अपने पहचान पत्रों व उम्र संबंधी दस्तावेजी साक्ष्यों को आवेदन के साथ संलग्न करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सरकारी अभिलेखों के अनुसार उसकी आयु 23 वर्ष है, ऐसे में बाल श्रम या नियमों के उल्लंघन के नाम पर की गई चालानी कार्रवाई पूरी तरह से निराधार और उत्पीड़न करने वाली है। पीड़ित ने उप श्रमायुक्त से गुहार लगाई है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शिता से जांच कराई जाए, ताकि निर्दाेष को न्याय मिल सके और गलत कार्रवाई करने वालों पर उचित कानूनी कदम उठाए जा सकें।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *