दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से होंगी सम्मानित, केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने की घोषणा
नई दिल्ली (सृष्टि मीडिया)। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने घोषणा की है कि इस साल दादा साहब फाल्के पुरस्कार बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री आशा पारेख को दिया जाएगा। अनुराग ठाकुर के अनुसार, यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त करने वाली वह 52वीं हस्ती होंगी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आशा भोंसले, हेमा मालिनी, उदित नारायण झा, पूनम ढिल्लों और टीएस नागभरण की सदस्यता वाली दादा साहब फाल्के समिति ने 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में आशा पारेख को पुरस्कार देने का फैसला किया है। भारतीय सिनेमा जगत आज जिस मुकाम पर है इसे वहां तक लाने में आशा पारेख का बहुत बड़ा योगदान रहा है।
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की अध्यक्ष रहीं आशा पारेख
बता दें कि दादा साहब फाल्के पुरस्कार को भारतीय सिनेमा के क्षेत्र में सर्वोच्च सम्मान माना जाता है। आशा पारेख अपने दौर की हाइएस्ट पेड ऐक्ट्रेसेज में से एक रही हैं। उन्होंने पंजाबी, गुजराती और कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया। उन्होंने अपनी खुद की प्रोडक्शन कंपनी भी लॉन्च की थी और टीवी शोज भी बनाए। उन्हें साल 1992 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। अनुराग ठाकुर ने आशा के बारे में कहा कि उन्होंने 95 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और 1998 से 2001 तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की अध्यक्ष रहीं। सिनेमा क्षेत्र का यह सर्वोच्च पुरस्कार (दादा साहब फाल्के पुरस्कार) हर साल राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में प्रदान किया जाता है। इस साल यह कार्यक्रम 30 सितंबर को आयोजित किया जाएगा जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जानी-मानीं अभिनेत्री आशा पारेख को पुरस्कार प्रदान करेंगी। सुपरस्टार रजनीकांत को पिछले साल इस अवॉर्ड से नवाजा गया था।
रिपोर्ट : अमन विश्वकर्मा