सेवा व समर्पण के साथ जला ‘आशीर्वाद का दीया’

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। श्रद्धा, सेवा और सकारात्मक ऊर्जा के संदेश के साथ क्षेत्र में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में भाजयुमो लालगंज के जिलाध्यक्ष पुष्कर मिश्रा के नेतृत्व में दीप प्रज्वलन किया गया। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
अस्पताल परिसर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा समेत चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की सहभागिता से 250 दीप जलाए गए। दीपों की रोशनी से अस्पताल परिसर जगमगा उठा। इस दौरान भर्ती मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के साथ स्वास्थ्यकर्मियों के सेवा भाव के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया गया।
इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. शिवाजी सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने दीप प्रज्वलित किए। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्रा ने अपने आवास पर दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागिता की। डॉ. शिवाजी सिंह ने कहा कि दीपक अंधकार मिटाने के साथ सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संचार करता है। वरिष्ठ भाजपा नेता रमाकांत मिश्रा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ समाज में सेवा, शांति और आरोग्य के संकल्प को मजबूत करता है। यह ज्योति जनकल्याण और पीड़ितों के जीवन में नई उम्मीद का संदेश देती है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *