पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार द्वारा मादक द्रव्यों, पदार्थों की बरामदगी व इससे जुड़े कारोबारियों की धर पकड़ के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत बिलरियागंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 23 बंडल गांजा के साथ दो महिलाओं सहित तीन को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
बिलरियागंज पुलिस ने जैगहा बाजार में चेकिंग के दौरान दो ट्रॉली बैग लेकर जा रही दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर 23.411 किलो गांजा बरामद किया। कार्रवाई उपनिरीक्षक हरिकेश राय के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार गुरूवार को एसआई हरिकेश राय पुलिस टीम के साथ जैगहा बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर हारीपुर मोड़ से गुलवा गौरी पुलिया की ओर जा रहे तीन संदिग्धों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया। तलाशी में दो ट्रॉली बैगों से प्लास्टिक टेप में पैक 23 बंडल गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजाबाबू सिंह निवासी बलिहार, बक्सर (बिहार), नेहा पासवान निवासी फतेहपुर गाजीपुर और पूनम देवी निवासी सोनी इंतवा, बक्सर (बिहार) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि एक बैग से 12.224 किलो और दूसरे से 11.187 किलो गांजा मिला। तीनों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस गांजे की खेप के स्रोत और संभावित खरीदार की जानकारी जुटा रही है।
रिपोर्ट-बबलू राय