अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर पंचायत के बिरुआपुर वार्ड स्थित प्राचीन शिवाला मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद मंगलवार देर रात को बरही के अवसर पर विशाल भंडारे और धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। भंडारे में बिरुआपुर समेत आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन-पूजन के बाद महाप्रसाद ग्रहण किया। सुबह से देर रात तक मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटी रही।
स्थानीय ग्रामीणों और नगरवासियों के सामूहिक सहयोग से आयोजित भंडारे में दिनभर प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण और देवाधिदेव महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
स्थानीय निवासी सुग्रीव ने बताया कि शिवाला मंदिर का यह भंडारा किसी एक व्यक्ति का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे गांव और समाज के सामूहिक सहयोग का पर्व है। करीब 40 वर्षों से यह परंपरा लगातार चली आ रही है। उन्होंने बताया कि यहां प्रसाद ग्रहण करने के लिए किसी प्रकार की सीमा निर्धारित नहीं है। हर वर्ष करीब तीन से चार हजार श्रद्धालु भंडारे में प्रसाद ग्रहण करते हैं।
स्थानीय निवासी प्रशांत निषाद ने बताया कि भंडारे में ग्रामीण और स्थानीय लोग अपनी इच्छा और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करते हैं। कार्यक्रम में पहुंचे जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों का आयोजन समिति की ओर से पटका और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद