मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना अंतर्गत बनकट चौकी पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, तमंचा-कारतूस, चोरी के जेवरात आदि बरामद किया।
बनकट चौकी इंचार्ज सौरभ सिंह अपनी टीम के साथ बिजरवा सर्विस लेन पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के सामान के साथ एक बदमाश चोरी की मोटरसाइकिल से आजमगढ़ की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार को पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक यादव पुत्र महेंद्र यादव निवासी खोजापुर माधोपट्टी, थाना कंधरापुर के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा .315 बोर, एक कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, नाक की कील, चार साड़ियां और 1100 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने साथी अंकित पुत्र सुरेंद्र निवासी लेडुआ, थाना तहबरपुर के साथ दिन में रेकी करता था और रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव