अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महादेवपुर (सेनपुर) गांव में तीन बच्चों की मां के गांव के ही एक युवक के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। पति का आरोप है कि महिला घर में रखे करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद लेकर युवक के साथ चली गई। महिला अपने साथ सात वर्षीय बेटी को भी ले गई, जबकि उसके दो बेटे घर पर रह गए। पीड़ित पति ने अतरौलिया थाने में नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने, पत्नी व बेटी की बरामदगी तथा सामान वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
महादेवपुर निवासी भोला शर्मा उर्फ हरिंदर शर्मा पुत्र दयाशंकर शर्मा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 11 सितंबर को गांव का ही त्रिपुरारी शर्मा उर्फ अनी शर्मा पुत्र रमाकांत शर्मा उसकी पत्नी शोभा शर्मा को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया।
पीड़ित के अनुसार, उसके तीन बच्चे अभय 13 वर्ष, आदित्य 10 वर्ष और अवनी 7 वर्ष हैं। आरोप है कि शोभा अपनी सात वर्षीय बेटी को साथ ले गई, जबकि दोनों बेटे घर पर रह गए हैं। पति ने तहरीर में त्रिपुरारी के पिता रमाकांत शर्मा और मां उर्मिला शर्मा पर भी इस मामले में शामिल होने का आरोप लगाया है।
भोला शर्मा का कहना है कि उसकी पत्नी और आरोपी युवक के बीच कई महीनों से बातचीत चल रही थी। उसने इस संबंध का विरोध करते हुए युवक के परिजनों से भी शिकायत की थी। आरोप है कि इस दौरान आरोपी के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद