बिलरियागंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाने के दरोगा और उनके चालक पर वाहन में टक्कर मारने के बाद अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा के जिला मंत्री आशीष गुप्ता निवासी मसुरियापुर थाना रौनापार ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 10 सितंबर को वे अपने वाहन से आजमगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में जा रहे थे। इसी दौरान बिलरियागंज थाने के दरोगा संतोष कुमार यादव और उनके चालक ने साइड से उनके वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जब उनके चालक ने इस संबंध में दरोगा से बात करने का प्रयास किया तो दरोगा और चालक ने उसके साथ अभद्र व अनुचित व्यवहार करते हुए वाहन को थाने ले जाने का प्रयास किया। जिला मंत्री ने बताया कि स्थिति को देखते हुए उन्हें भी आशंका हुई कि उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया जा सकता है, लेकिन जैसे ही उन्होंने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, दरोगा का व्यवहार शांत हुआ।
पत्र में जिला मंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताते हुए कहा कि इससे न केवल व्यक्तिगत अपमान हुआ है, बल्कि पुलिस विभाग की छवि को भी ठेस पहुंची है। उन्होंने दावा किया कि घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर जांच हेतु प्रस्तुत किया जा सकता है।
जिला मंत्री ने एसपी से संबंधित पुलिस कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसा किए जाने से भविष्य में आम नागरिकों के साथ इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी।
रिपोर्ट-तारकेश्वर मिश्र