फर्जी क्लिनिक संचालक गिरफ्तार

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गम्भीरपुर थाना पुलिस ने बिना पंजीकरण क्लिनिक संचालित कर खुद को चिकित्सक बताने और मरीज का गलत तरीके से इलाज करने के आरोपित को सोमवार को गोसाई की बाजार से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार ग्राम मईखरगपुर निवासी सुनील यादव के भाई अजीत यादव 18 अक्टूबर 2025 को शौचालय में गिरने से पैर में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें इलाज के लिए गोसाई की बाजार स्थित प्रकाश हेल्थ केयर सेंटर ले गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद सत्यप्रकाश ने खुद को चिकित्सक बताते हुए उनका उपचार किया। गलत तरीके से किए गए उपचार के बाद अजीत यादव की हालत और बिगड़ गई तथा वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गए।
बाद में जांच-पड़ताल में कथित हेल्थ केयर सेंटर और चिकित्सक का पंजीकरण नहीं होने की जानकारी सामने आई। उपचार में लापरवाही के चलते मरीज का पैर काटने की स्थिति उत्पन्न होने का आरोप लगाते हुए सुनील यादव ने गम्भीरपुर थाने में प्रार्थना पत्र दिया था।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार को पुलिस ने वांछित आरोपी सत्यप्रकाश पुत्र लालता प्रसाद निवासी ग्राम पन्दहा थाना मेहनगर को गोसाई की बाजार से गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *