अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पियरिया धर्मशाला चौक स्थित अवध क्लीनिक में कथित गलत इलाज और लापरवाही के चलते एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने क्लीनिक संचालक डॉ.अंशु पर बिना मान्यता प्राप्त डिग्री और पंजीकरण के मरीजों का इलाज करने तथा हालत बिगड़ने के बाद भी समय से रेफर नहीं करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर परिजनों ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मंत्री ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अहिरौला थाना क्षेत्र के गौरी गांव निवासी उदयराज और उनके भतीजे राजन कुमार के अनुसार, 21 अगस्त को उदयराज की पत्नी चम्पा देवी के पेट में अचानक दर्द हुआ। परिजन उन्हें पियरिया धर्मशाला चौक स्थित अवध क्लीनिक लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां डॉ.अंशु ने जांच के बाद आंत में सूजन बताते हुए दवाएं दीं। हालत में सुधार न होने पर परिजन रेफर कराकर ले जा रहे थे कि कि रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मामले में परिजनों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर को शिकायती पत्र देकर अवध क्लीनिक को तत्काल सील कराने, संचालक के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई करने तथा लापरवाही के लिए गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और क्लीनिक के संचालन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की मांग की है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद