महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भाजपा नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने विधानसभा गोपालपुर क्षेत्र के परशुरामपुर में भाजपा कार्यालय का शुभारंभ किया। कार्यालय का उद्घाटन मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ क्षेत्र एवं जिले के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में हुआ। कार्यालय खुलने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
जयनाथ सिंह ने कहा कि उन्हें इस बात की पीड़ा होती थी कि गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं लेकर आजमगढ़ उनके पास पहुंचते थे। इसी को देखते हुए उन्होंने परशुरामपुर में कार्यालय खोलने का निर्णय लिया, ताकि क्षेत्र की जनता को उनसे मिलने के लिए दूर न जाना पड़े और वह भी आसानी से लोगों से संवाद कर सकें।उन्होंने कहा कि राजनीति केवल चुनाव तक सीमित नहीं होनी चाहिए। जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनके सुख-दुख में साथ खड़ा होना ही जनसेवा है। कार्यालय के माध्यम से वह लगातार क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहेंगे।पत्रकारों के चुनावी कार्यालय होने के सवाल पर जयनाथ सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव अभी दूर है। फिलहाल यह कार्यालय जनता से संवाद और उनकी समस्याओं को सुनने के लिए खोला गया है। टिकट किसे मिलेगा और किसे नहीं, इसका निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उनका उद्देश्य जनता की सेवा करना और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र