आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सेन्ट्रल बार एसोसिएशन मण्डल आजमगढ़ के चुनाव वर्ष 2026-27 के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच और वापसी की प्रक्रिया संपन्न हो गई। निर्धारित समय के भीतर कुल 15 प्रत्याशियों में किसी भी प्रत्याशी ने अपना पर्चा वापस नहीं लिया, जबकि जांच में सभी पर्चे वैध पाए गए। इसके साथ ही संघ के दो प्रमुख पदों के लिए मुकाबला तय हो गया है, जबकि अन्य सभी पदों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय है। नामांकन पत्रों की जांच और वापसी की यह पूरी प्रक्रिया वरिष्ठ समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश राय, चुनाव अधिकारी तारकेश्वर मिश्र तथा समिति सदस्य प्यारे मोहन श्रीवास्तव, राजबहादुर यादव और शत्रुघ्न सिंह की मौजूदगी में संपन्न हुई।
मुख्य मुकाबले में अध्यक्ष पद के लिए दिनेशचन्द्र श्रीवास्तव और रफीउल हसन अब्बासी आमने-सामने होंगे। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए एजाज आलम और त्रिभुवन नाथ तिवारी के बीच सीधी टक्कर होगी। इन दो पदों के लिए 18 सितंबर को सुबह 11 बजे से 3 बजे तक बार संघ के सभागार में मतदान कराया जाएगा। चुनाव में कुल 58 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव में प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी न होने के कारण कनिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, मंत्री जनार्दन राय, संयुक्त मंत्री प्रशासन विवेक तिवारी, संयुक्त मंत्री प्रकाशन योगेश सिंह, संयुक्त मंत्री पुस्तकालय पंकज राय, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश, वरिष्ठ कार्यकारिणी वशिष्ठ राय, शेषमणि तिवारी, सोहन राम यादव, सूरज कुमार सिंह, कनिष्ठ कार्यकारिणी सर्वेश मौर्य का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार